देहरादून | जनपद में सड़क और निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र में सिंचाई विभाग की खुली नहर में गिरकर एक बुजुर्ग के घायल होने के मामले में जिला प्रशासन की क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) द्वारा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर तुनवाला क्षेत्र में सिंचाई विभाग द्वारा नहर की नियमित सफाई के दौरान कई स्थानों पर स्लैब हटाए गए थे, लेकिन मौके पर किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए थे। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग व्यक्ति को कोहरे के कारण खुला स्लैब दिखाई नहीं दिया और वह नहर में गिर गए, जिससे उन्हें चोटें आईं।
यह नहर सिंचाई विभाग की पुरानी संरचना है, जो सड़क से लगभग डेढ़ फीट ऊंचाई पर पेवमेंट के रूप में बनी हुई है। प्रथम दृष्टया यह घटना सीवर निर्माण कार्य से संबंधित नहीं पाई गई है।
डीएम का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि निर्माण, मरम्मत या सफाई कार्यों के दौरान यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो संबंधित विभागों, कार्यदायी संस्थाओं एवं ठेकेदारों के विरुद्ध सीधे आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनमानस की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
सभी विभागों को सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि किसी भी प्रकार के निर्माण या सफाई कार्य के दौरान—
- पर्याप्त बैरिकेडिंग
- चेतावनी संकेतक
- रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर
- और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम
अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं।
सीवर कार्य को लेकर स्थिति स्पष्ट
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र में सीवर पाइपलाइन डालने के बाद सड़क के रेस्टोरेशन का कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में उक्त स्थल पर कोई रोड कटिंग कार्य संचालित नहीं है और सड़क का प्राथमिक रेस्टोरेशन पूरा किया जा चुका है।












Discussion about this post