देहरादून। उत्तराखंड में पुष्प उत्पादन और बागवानी को नई दिशा देने की पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ट्यूलिप उत्पादन अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास परिसर के उद्यान में स्वयं ट्यूलिप के बल्ब रोपकर इस मुहिम का शुभारंभ किया।
इस अभियान के तहत 17 विभिन्न प्रजातियों के करीब 4 हजार ट्यूलिप उगाए जा रहे हैं। इनमें आकर्षक रंगों वाली लेक पर्पल और बाईकलर जैसी विशेष प्रजातियाँ भी शामिल हैं, जो उत्तराखंड की जलवायु में ट्यूलिप उत्पादन की संभावनाओं को दर्शाती हैं।
ट्यूलिप के व्यावसायिक उत्पादन पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में ट्यूलिप जैसे उच्च मूल्य वाले पुष्पों के व्यावसायिक उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुष्प उत्पादन और बागवानी के क्षेत्र में नवाचार को प्राथमिकता दी जाए, ताकि किसानों और उद्यमियों को नए अवसर मिल सकें।
बागवानी से जुड़े नवाचारों की ली जानकारी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन की तकनीक, रखरखाव और संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने सीएम आवास परिसर में संचालित मशरूम उत्पादन, मौनपालन (मधुमक्खी पालन) सहित अन्य बागवानी गतिविधियों का भी अवलोकन किया।
राज्य की आर्थिकी को मिलेगा नया आधार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुष्प उत्पादन, बागवानी और उससे जुड़े नवाचार न केवल राज्य की आर्थिकी को मजबूत करेंगे, बल्कि युवाओं और किसानों के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खोलेंगे। ट्यूलिप उत्पादन को पर्यटन और फ्लोरीकल्चर से जोड़कर इसे एक नई पहचान देने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।









Discussion about this post