टिहरी गढ़वाल: टिहरी गढ़वाल जनपद के चंबा ब्लॉक स्थित प्लास गांव में सामाजिक जागरूकता की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। ग्राम समाज सुधार समिति द्वारा नशा मुक्त विवाह करने वाले नवविवाहित दंपति अजय राणा एवं आरती राणा को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ममता नौटियाल और समिति के सचिव विजयपाल राणा ने नवदंपति को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि प्लास गांव को पहले ही नशा मुक्त गांव घोषित किया जा चुका है और ग्रामवासी इस संकल्प का निरंतर पालन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान दूल्हे अजय राणा ने “शराब नहीं संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव हुआ है, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
ग्राम प्रधान ममता नौटियाल ने ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं, सचिव विजयपाल राणा ने कहा कि गांव में होने वाले सभी विवाह और सामाजिक कार्यक्रम पूरी तरह नशा मुक्त रहेंगे और समिति ऐसे परिवारों को सम्मानित करती रहेगी।
कार्यक्रम में दूल्हे के पिता पूरण सिंह राणा, माता अहिल्या देवी सहित राजमती, कुसुम, गीता, पिंकी, लक्ष्मी और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।













