देहरादून: जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 120 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने इस दौरान ई-ऑफिस, सीएम घोषणा और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जर्जर भवन में रह रहे 90 किराएदारों का मामला गंभीर
समाधान दिवस में ऋषिकेश भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग स्थित भजन आश्रम भवन संख्या-2 और तिलक मार्ग स्थित भवन संख्या-3 के जर्जर होने का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि दोनों भवनों में करीब 90 किराएदार रह रहे हैं। भवन खाली करने के लिए नोटिस जारी किए जाने के बावजूद किराएदार भवन खाली नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने जर्जर भवनों से संभावित दुर्घटना की आशंका भी जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम ऋषिकेश और नगर निगम को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
70 वर्षीय विधवा ने लगाया 90 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने भूमि धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने धोखाधड़ी कर उनकी 228 वर्गमीटर भूमि का विक्रय पत्र तैयार कर भूमि बेच दी, जबकि उन्हें करीब 90 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया गया। रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर को जांच के निर्देश दिए।
35 लाख रुपये की रकम वापस न करने की शिकायत
रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने संजय कुमार के पास पांच लाख रुपये की तीन कमेटियां 15 माह के लिए डाली थीं। इसके अलावा उन्होंने करीब 30.75 लाख रुपये उधार भी दिए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार संबंधित व्यक्ति द्वारा रकम वापस नहीं की जा रही है।
मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी ने सीओ रायपुर को निर्देशित किया।
जर्जर स्कूल की छत को लेकर बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा
ग्राम पंचायत सिंधवाल के उपप्रधान ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर छत की मरम्मत नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द सुगम बनाने के निर्देश
त्यूनी-चकराता-मसूरी मोटर मार्ग पर बारिश के चलते बोल्डर गिरने और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित होने की शिकायत भी समाधान दिवस में पहुंची। डीएम ने एनएच के अधिकारियों को सड़क को जल्द सुगम बनाने के निर्देश दिए।
अवैध मोबाइल टावरों की शिकायत पर एमडीडीए को कार्रवाई के निर्देश
सहसपुर के ग्राम पंचायत छरबा में आवासीय भूमि पर मोबाइल टावर लगाए जाने और एमडीडीए द्वारा टावर को अवैध घोषित किए जाने के बावजूद उसे नहीं हटाए जाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जांच के निर्देश दिए गए।
किराएदार पर उत्पीड़न और अवैध कब्जे का आरोप
पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा ऊषा सूरी ने किराएदार पर उत्पीड़न करने, किराया नहीं देने और मकान पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ पटेल नगर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने अपने छोटे बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
ठेलियों से लगने वाले जाम पर नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश
नत्थनपुर छह नंबर पुलिया के आसपास सब्जियों और अन्य सामान की ठेलियों के कारण यातायात जाम की शिकायत भी समाधान दिवस में उठी। डीएम ने नगर निगम देहरादून को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर अनिता निवासी नीलकंठ और अनिता थापा निवासी मोथरोवाला ने कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। ऋषिकेश निवासी रीना ने नंदा-सुनंदा योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया।
पंचायत भवन की भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
ग्राम पंचायत रामपुर कलां में पंचायत भवन की खाली भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम पंचायत चान्जोई में बहुउद्देशीय भवन निर्माण की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
चकराता क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुनैन के ग्राम सैंज में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की सुरक्षा दीवार और गूल की मरम्मत की मांग पर ओसी कलेक्ट्रेट को मौके पर जांच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा- शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता न हो
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।











