देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) में गुरुवार को युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह से भरपूर ‘कॉलेज के टशनबाज’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 93.5 रेड एफएम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में देर शाम तक फन, मस्ती और टैलेंट का शानदार संगम देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में पहुंचकर विभिन्न प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा, कला और अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना रहा। ‘कॉलेज के टशनबाज’ के जरिए छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा खुले मंच पर प्रस्तुत करने और आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान बनाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। गायन, गिटार प्ले, मिमिकरी और विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मंच पर जैसे-जैसे छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, ऑडिटोरियम तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
युवाओं की एनर्जी, टशन और टैलेंट ने कार्यक्रम को खास बना दिया। लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों, गिटार की धुनों, मिमिकरी और अन्य मंचीय कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों ने भी अपनी पसंदीदा प्रस्तुतियों पर जमकर तालियां बजाईं और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
‘कॉलेज के टशनबाज’ कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए महज मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने युवा प्रतिभाओं को मंच देने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का भी काम किया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें पढ़ाई के व्यस्त माहौल से अलग अपनी रुचियों और प्रतिभाओं को सामने रखने का अवसर देते हैं।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कला और हुनर को मंच देना भी उनके व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।












