देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर अलग उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए दिए गए उनके बलिदान को याद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में महिलाओं, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के हर वर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयासों और संघर्ष से अलग राज्य का सपना साकार हो सका। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इन वर्षों में प्रदेश ने कई चुनौतियों का सामना किया है और सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकताओं में पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन की समस्या पर रोक लगाना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन संघर्षों और बलिदानों को याद करने का दिन भी है, जिनकी बदौलत उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा मिला। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को सुरक्षित रखते हुए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना सरकार का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखंड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














