देहरादून।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न विभागों के अंतर्गत कनिष्ठ सहायक एवं अन्य पदों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस नोट जारी किया गया है।
आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 64/उ०अ०से०आ० / 2024, दिनांक 04 अक्टूबर 2024 के तहत आयोजित लिखित प्रतियोगी परीक्षा 19 जनवरी 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई थी। इस लिखित परीक्षा के आधार पर संबंधित पदों के लिए टंकण परीक्षा हेतु अस्थायी (ऑपचारिक) श्रेष्ठता सूची आयोग की वेबसाइट पर 28 मार्च 2025 को प्रकाशित की गई।
इसके पश्चात 27 नवंबर 2025 को समस्त पदों के लिए अभिलेख सत्यापन हेतु अस्थायी श्रेष्ठता सूची आयोग की वेबसाइट पर जारी की गई। सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन 01 दिसंबर 2025 से 01 जनवरी 2026 तक आयोग कार्यालय में संपन्न कराया गया।
आयोग द्वारा बताया गया कि अभिलेख सत्यापन में कुछ अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति अथवा आवश्यक अर्हता पूरी न होने के कारण कुछ पद रिक्त रह गए हैं। ऐसे रिक्त पदों के सापेक्ष संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए नई अस्थायी श्रेष्ठता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर प्रकाशित की जा रही है।
इस सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन दिनांक 19 फरवरी 2026 को प्रातः 09:30 बजे आयोग कार्यालय में किया जाएगा। अभिलेख सत्यापन से संबंधित सूची एवं अन्य आवश्यक जानकारी अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभिलेख सत्यापन में अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों एवं उनके द्वारा दी गई पदों की वरीयता के आधार पर चयन संस्तुति की अंतिम श्रेष्ठता सूची पृथक से जारी की जाएगी।
यह प्रेस नोट आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल द्वारा जारी किया गया है|












Discussion about this post