देहरादून, एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में क्षेत्रवार क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है, जो लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं।
आज QRT टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया।
कंट्रोल रूम में 26 शिकायतें दर्ज, तुरंत हो रही कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम द्वारा सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
आज की गैस आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति
- घरेलू उपभोक्ता: लगभग 24,459 को गैस सिलेंडर की आपूर्ति
- व्यावसायिक उपभोक्ता: 269 को गैस उपलब्ध कराई गई
- घरेलू गैस स्टॉक: करीब 36,743 सिलेंडर
- व्यावसायिक गैस स्टॉक: 1,592 सिलेंडर
- बैकलॉग: घरेलू गैस में लगभग 93,000 सिलेंडर
बैकलॉग की बड़ी वजह सामने आई
जिला प्रशासन के अनुसार, हाल ही में 3 दिनों तक बुकिंग सॉफ्टवेयर में तकनीकी समस्या (क्राइसिस) आने के कारण मैन्युअल रजिस्टर में एंट्री कर गैस वितरण किया गया।
अब उन सभी प्रविष्टियों को सॉफ्टवेयर में अपडेट किया जा रहा है, जिसमें 25 हजार से अधिक एंट्री शामिल हैं।
आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश, कालाबाजारी पर सख्त नजर
प्रशासन द्वारा घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है। साथ ही, कालाबाजारी और ओवरचार्जिंग पर नजर रखने के लिए QRT टीमों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।












