हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में अब गैर-हिंदुओं का प्रवेश पूरी तरह निषेध कर दिया गया है। इस संबंध में क्षेत्र में कई जगह सूचनात्मक बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि अहिंदुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है।
धार्मिक मर्यादा और सोशल मीडिया पर रोक
श्रीगंगा सभा ने यह भी स्पष्ट किया है कि तीर्थस्थल की मर्यादा बनाए रखने के लिए हरकी पैड़ी और मालवीय द्वीप क्षेत्र में ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है। साथ ही, किसी भी प्रकार के फिल्मी गानों पर वीडियो, फिल्म या रील बनाना भी पूर्णतः वर्जित है। यदि कोई सोशल मीडिया पर इस प्रकार की सामग्री वायरल करता है, तो कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कुछ दिन पहले ही हरकी पैड़ी क्षेत्र में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दो युवक अरबी वेशभूषा में घाटों पर घूमते दिखाई दिए। इस पर तीर्थ पुरोहितों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक स्वयं को दुबई का निवासी बता रहे थे।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि वीडियो की सूचना पुलिस प्रशासन को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है। सचिव उज्जवल पंडित ने कहा कि पूरे प्रकरण की सूचना स्थानीय चौकी पुलिस को दी गई है। हरिद्वार शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने भी पुष्टि की कि युवकों की पहचान करने और आगे की कार्रवाई के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
श्रीगंगा सभा लगातार घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्था और मर्यादा बनाए रखने के लिए मंथन कर रही है, ताकि धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे और तीर्थस्थल की शांति बनी रहे।










Discussion about this post