You might also like
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपने दो दिवसीय दौरे पर चंपावत जिला मुख्यालय पहुंचे। मंगलवार को उन्होंने चंपावत स्थित न्याय के देवता गोलज्यू देवता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
पूजा के बाद हरीश रावत ने गोलज्यू देव के दरबार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ “न्याय की अर्जी” लगाई। उन्होंने भाजपा पर तीखे हमले करते हुए कहा कि पार्टी ने उनके खिलाफ बार-बार झूठ फैलाया और जनता को गुमराह किया।
पूर्व सीएम ने कहा, “2017 में भाजपा ने झूठा प्रचार किया कि मैंने जुमे की छुट्टी लागू की है। 2022 में अफवाह फैलाई कि कांग्रेस सरकार बनी तो मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोली जाएगी। मैं पूछता हूं, वह आदेश कहां है जिसमें यह लागू हुआ?”
हरीश रावत ने कहा कि भाजपा ने पूरे प्रदेश में झूठ का माहौल बना रखा है, जिससे जनता आज महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म की राजनीति कर समाज को बांट रही है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा, “भाजपा वह चूहा है जिसे जनता ने वरदान देकर शेर बना दिया और अब वही शेर जनता को ही नुकसान पहुंचा रहा है। जनता ही उसे शीर्ष पर लाई थी और जनता ही उसे पाताल में भी भेजेगी।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे अब घोड़ाखाल गोलज्यू मंदिर, आदि कैलाश समेत प्रदेश के अन्य देवस्थलों में भी न्याय की गुहार लगाएंगे।
पूजा अर्चना के बाद हरीश रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने और भाजपा के खिलाफ संगठित संघर्ष की अपील की। इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, मनीष महर, अशोक वर्मा, निर्मला गहतोड़ी, भुवन चौबे, लोकेश पांडे और प्रदीप जोशी समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।