Kedarnath Dham Snowfall : उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल केदारनाथ धाम में हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी के बाद पूरी केदार घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। मौसम साफ होने के बावजूद चारों ओर जमी मोटी बर्फ ने यहां के नजारों को बेहद खूबसूरत बना दिया है।
बीते कई दिनों से सूनी पड़ी पहाड़ियां अब पूरी तरह हिमाच्छादित नजर आ रही हैं। कड़ाके की ठंड और शून्य से नीचे गिरते तापमान के बीच भी धाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त बनी हुई है।
यहां तैनात उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान विषम परिस्थितियों में भी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। भारी बर्फबारी के बावजूद जवान न केवल सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, बल्कि अपने रहने के स्थानों और बैरकों के आसपास जमी बर्फ को भी खुद साफ कर रहे हैं।
जवानों का यह जज्बा दर्शाता है कि कठिन से कठिन हालात में भी धाम की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं आने दी जा रही है। बर्फ हटाने का काम इसलिए भी जरूरी है ताकि आवाजाही और दैनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
केदारनाथ धाम में मौसम भले ही सख्त हो, लेकिन सुरक्षा बलों की तत्परता और समर्पण से यहां व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू बनी हुई हैं। यह तस्वीरें और हालात एक बार फिर दिखाते हैं कि सीमित संसाधनों और कठोर मौसम के बीच भी हमारे जवान पूरी निष्ठा के साथ डटे हुए हैं।













