देहरादून।
अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर राजधानी देहरादून में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान खुद को भाजपा की मंडल अध्यक्ष बताने वाली महिला मधु नौटियाल के दावों को भारतीय जनता पार्टी ने सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि संबंधित महिला पार्टी की सक्रिय सदस्य तक नहीं है और यह पूरा मामला कांग्रेस द्वारा रचा गया दुष्प्रचार है।
दरअसल, रविवार को अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर देहरादून में एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक महिला ने अपना नाम मधु नौटियाल बताते हुए खुद को भाजपा की मंडल अध्यक्ष बताया और भाजपा व राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। महिला ने यह भी दावा किया कि न्याय न मिलने के कारण वह भाजपा से इस्तीफा दे रही हैं।
वीडियो के वायरल होते ही यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने इस पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए महिला के पार्टी से किसी भी प्रकार के संबंध से इनकार किया।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी का बयान
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही महिला का भारतीय जनता पार्टी से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मधु नौटियाल भाजपा की सक्रिय सदस्य तक नहीं हैं और मंडल अध्यक्ष होने का दावा पूरी तरह झूठा है।
मनवीर चौहान ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल कांग्रेस सुनियोजित तरीके से इस तरह के वीडियो वायरल कर भाजपा और सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और भाजपा कार्यकर्ता इस साजिश को अच्छी तरह समझ रहे हैं।
वरिष्ठ नेताओं ने बताया दुष्प्रचार
इस पूरे मामले पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश बंसल ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण से जनता की भावनाएं जुड़ी हुई हैं और इसी संवेदनशील मुद्दे का गलत इस्तेमाल कर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब इस दुष्प्रचार का पर्दाफाश होगा, तब सच्चाई सबके सामने होगी और यह स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा हमेशा सच और न्याय के साथ खड़ी रही है।
हरिद्वार भाजपा जिलाध्यक्ष का भी इनकार
हरिद्वार भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने भी मधु नौटियाल को भाजपा की सदस्य मानने से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि संबंधित महिला कभी भी भाजपा में किसी पद पर नहीं रही और वर्तमान में वह पार्टी की सदस्य भी नहीं है।
आशुतोष शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर झूठे दावे गढ़कर फेक नैरेटिव तैयार कर रही है, ताकि जनता को गुमराह किया जा सके।
भाजपा का दावा
भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी को बदनाम करने के उद्देश्य से इस तरह के फर्जी वीडियो और दावे फैलाए जा रहे हैं, लेकिन पार्टी ऐसे हर प्रयास का तथ्यात्मक जवाब देती रहेगी।










Discussion about this post