रुड़की: नारसन क्षेत्र में मोहम्मदपुर झाल के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सीधे गंगनहर में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक मेरठ के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो किसी निजी कार्य से रुड़की आए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रात के समय उस वक्त हुआ जब कार मोहम्मदपुर झाल के पास एक तीखे मोड़ से गुजर रही थी। प्रथम दृष्टया पुलिस ने दुर्घटना का कारण तेज गति और सड़क का खतरनाक मोड़ बताया है। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से कार सीधे नहर में जा गिरी और पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि ग्रे रंग की कार नहर में उल्टी और आधी डूबी हुई अवस्था में फंसी हुई थी। स्थानीय झाल कर्मियों की मदद से जब कार की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर दो युवक फंसे हुए मिले। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कार को गंगनहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें रुड़की मोर्चरी भेज दिया है।
वाहन के पंजीकृत स्वामी से संपर्क करने पर मृतकों की पहचान की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा (25 वर्ष), पुत्र राजकुमार शर्मा और पुनीत (25 वर्ष), पुत्र आशुतोष, दोनों निवासी कुराली, थाना जानी, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।









Discussion about this post