जानकारी के अनुसार, पश्चिमी अंबर तालाब निवासी रजनीश पुंडीर बीड़ी और सिगरेट की सप्लाई का काम करते हैं। उनका अपनी पत्नी सुधा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। रजनीश अपने बेटे कुणाल (25) के साथ अलग रहते थे, जबकि सुधा पास ही दूसरे मकान में रहती थीं।
बुधवार देर रात करीब ढाई बजे रजनीश के घर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कुणाल बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से आग लगने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस को हादसे पर संदेह है और जांच जारी है।
गुरुवार सुबह मृतक की मां सुधा का भाई सोनू चौहान (40) निवासी चिराऊ, थाना बडगांव, जिला सहारनपुर, अपनी पत्नी और मां के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने रुड़की पहुंचे। बताया गया कि भांजे की संदिग्ध मौत को लेकर सोनू और उसकी बहन सुधा लगातार सवाल उठा रहे थे। इसी बात को लेकर सुधा के देवर विक्की से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद जब सोनू परिजनों के साथ लौट रहे थे, तभी विक्की ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सोनू के गले और सीने पर कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल सोनू को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सोनू की पत्नी ममता अपने पति को खून से लथपथ देखकर बेहोश हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। आरोपी विक्की फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। फिलहाल दोनों पक्षों को समझाकर माहौल शांत कराया गया है।
सीओ नरेंद्र पंत ने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Discussion about this post