जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यक्रम के तहत विधानसभा-वार चल रहे मतदाता मैपिंग कार्यों की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनपद की सभी विधानसभाओं में संचालित मैपिंग कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तेज गति से पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि 31 दिसंबर 2025 तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम 50 प्रतिशत से अधिक मैपिंग लक्ष्य अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
मतदाता सूची को सटीक और पारदर्शी बनाने पर जोर
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO/ARO) और फील्ड स्टाफ को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने दो टूक कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और मैपिंग कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
दैनिक समीक्षा और समय पर रिपोर्टिंग के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मैपिंग कार्य की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही, यदि कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या या बाधा उत्पन्न होती है, तो उसकी जानकारी समय रहते जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में
- मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह,
- उप जिलाधिकारी हरिगिरि,
- निदेशक ग्रामीण विकास अभिकरण विक्रम सिंह,
- जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार,
- सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पी.सी. त्रिपाठी,
- जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डयाल
सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा, जनपद के सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ARO) ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।









Discussion about this post