देहरादून : राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद देहरादून सहित पूरे प्रदेश में विधानसभावार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देहरादून में प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जहां तिब्बती मार्केट ऑटोमेटेड पार्किंग, कैब सेवा और आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर का लोकार्पण एवं अनावरण किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत विकास कार्यों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने विभागों के स्टॉल लगाए जाएं और सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम जनता को अधिक से अधिक जानकारी और लाभ मिल सके। साथ ही प्रत्येक विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया।
स्वास्थ्य, दिव्यांगजन और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और महिलाओं व युवतियों के लिए अलग स्वास्थ्य जांच स्टॉल लगाए जाएं। समाज कल्याण विभाग को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) का सेटअप लगाकर दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र जारी करने और सहायक उपकरण वितरित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बिजली, पानी, सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश
बैठक में विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जिला पूर्ति अधिकारी को जलपान व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया। वहीं नगर निगम को सफाई व्यवस्था तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समयबद्ध और भव्य आयोजन पर जोर
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसे भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रवीन, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













