देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। मौसम विभाग की पहले से जारी चेतावनी के अनुरूप प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का दौर जारी है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड और बढ़ गई है। राजधानी देहरादून सहित निचले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
ऊंचाई वाले इलाकों में केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, चकराता और धनौल्टी में बर्फबारी हो रही है। बर्फ की फुहारों से पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है, जिससे मौसम बेहद ठंडा हो गया है। लंबे समय बाद बर्फबारी होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।
मसूरी और धनौल्टी में सीजन की पहली बर्फबारी
पहाड़ों की रानी मसूरी के लालटिब्बा क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। तापमान में गिरावट के चलते ठंड में इजाफा हुआ है। वहीं धनौल्टी में बसंत पंचमी के मौके पर सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।
चकराता की ऊंची पहाड़ियों में बर्फ की फुहारें
चकराता क्षेत्र की ऊंचाई वाली पहाड़ियों लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित कई इलाकों में साल की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फ गिरने के साथ पूरे क्षेत्र में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है।
उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग में भी बदला मौसम
उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ हर्षिल और खरसाली क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो रही है। नई टिहरी और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ बादल छाए हुए हैं।
रुद्रप्रयाग जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। बादलों के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है।
ऑरेंज अलर्ट जारी, 28 जनवरी तक खराब मौसम के आसार
मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि 28 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।











Discussion about this post