अल्मोड़ा जनपद के रानीखेत क्षेत्र में पंचायत चुनाव ड्यूटी से लौट रही एक महिला अधिकारी के साथ गंभीर घटना सामने आई है। ताड़ीखेत ब्लॉक के मल्ला डाभर से ड्यूटी समाप्त कर लौट रही महिला अधिकारी के साथ एक निजी वाहन चालक ने रास्ते में अभद्र व्यवहार किया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। अपनी जान बचाने के लिए महिला अधिकारी को चलती गाड़ी से कूदना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे की है। चुनाव ड्यूटी पूरी करने के बाद महिला अधिकारी को ताड़ीखेत तक जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिला। इसी दौरान एक मारुति वेगनआर चालक ने उसे ताड़ीखेत छोड़ने की बात कहकर अपनी कार में बैठा लिया।
थोड़ी ही दूरी तय करने के बाद चालक ने महिला के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने उसके साथ मारपीट की और धमकियां भी दीं। स्थिति बिगड़ती देख महिला ने मौका पाकर गाड़ी की रफ्तार धीमी होते ही एक तीखे मोड़ पर चलती कार से छलांग लगा दी।
सड़क पर गिरने के बाद घायल महिला की मदद के लिए ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। हालांकि तब तक आरोपी वाहन चालक वहां से फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही रानीखेत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महिला का बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। रानीखेत कोतवाल अशोक धवन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस घटना के बाद चुनाव ड्यूटी में तैनात महिला कर्मचारियों और अधिकारियों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से ड्यूटी के दौरान और बाद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।
Discussion about this post