दुखद: उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी केवल खुराना का निधन, दिल्ली के मैक्स अस्पताल में ली अंतिम सांस
उत्तराखंड पुलिस सेवा से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी और आईजी (महानिरीक्षक) केवल खुराना का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी उम्र करीब 47 वर्ष थी।
केवल खुराना ने अपने करियर में उत्तराखंड पुलिस विभाग में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। वह देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), यातायात निदेशक और होमगार्ड्स के प्रमुख रह चुके थे। उन्होंने राज्य की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कई अहम योजनाओं को लागू किया। वर्तमान में वह आईजी प्रशिक्षण के पद पर कार्यरत थे।
उनके निधन से उत्तराखंड पुलिस विभाग में शोक की लहर है। उन्हें एक कुशल प्रशासक और कर्मठ अधिकारी के रूप में याद किया जाएगा।