उत्तराखंड में इस साल मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला नजर आ रहा है। नवंबर के महीने में जहां रात के तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास होने लगा है, वहीं दिन में सूरज की तेज किरणों ने गर्मी का एहसास करवा दिया है।
मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के अनुसार, अगले 6 दिन यानी 18 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है।
दिन में गर्मी, रात में सर्दी
देहरादून समेत कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। बुधवार को दून का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी रात में हल्की सर्दी महसूस की जा रही है लेकिन दिन के समय नवंबर का असर बिल्कुल नहीं दिख रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पोस्ट मानसून की बारिश के बाद ही दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। जब तक बारिश नहीं होती, तब तक दिन में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
पिछले 10 सालों में सबसे गर्म नवंबर
मौसम के आंकड़े बताते हैं कि पिछले 10 वर्षों में नवंबर का दूसरा सप्ताह इतना गर्म कभी नहीं रहा। 2015 से 2024 के बीच नवंबर की शुरुआत में तापमान लगभग 30 डिग्री के आसपास रहा, लेकिन दूसरे सप्ताह तक इसमें गिरावट देखने को मिलती थी। इस साल 12 दिन गुजर जाने के बाद भी तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
छह दिन तक रहेगा साफ मौसम
मौसम विभाग देहरादून की रिपोर्ट के मुताबिक, अब अगले छह दिन यानी 12 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन भर धूप खिली रहने से पहाड़ी इलाकों में ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में सर्दी का अहसास कम होगा।
हालांकि सुबह और शाम के समय मैदानी इलाकों में कोहरा छाने और पर्वतीय इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। यानी फिलहाल पहाड़ों में दिन खुशनुमा और रातें ठंडी रहेंगी।











Discussion about this post