Uttarakhand broadcast: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने वन विभाग में तैनात एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे वन महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जागेश्वर स्थित वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तैनात बाबू/फॉरेस्टर नवीन नौटियाल को ₹25,500 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई हल्द्वानी सेक्टर की विजिलेंस टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से की गई।
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से लीसा गड़ान-ढुलान कार्य से संबंधित वर्ष 2026 के पंजीकरण नवीनीकरण और लंबित भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता विभाग को दी, जिसके बाद टीम ने ट्रैप लगाकर आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया।
विजिलेंस की सटीक कार्रवाई
विजिलेंस टीम ने पहले शिकायत की पुष्टि की और फिर सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
विभाग में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद वन विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच जारी है और संभावना जताई जा रही है कि इस प्रकरण में और भी खुलासे हो सकते हैं।
भ्रष्टाचार पर सख्त रुख
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्ती देखने को मिल रही है। इस तरह की कार्रवाई यह संकेत देती है कि सरकार और सतर्कता एजेंसियां रिश्वतखोरी के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही हैं।













