देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की पहल पर नारी निकेतन, केदारपुरम में निवासरत संवासिनियों और बालिका निकेतन की बालिकाओं के लिए विशेष Hair Grooming एवं Personal Care Class का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में व्यक्तिगत स्वच्छता, आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
यह कार्यक्रम जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन तथा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के मार्गदर्शन में IBI International, Dehradun (पूर्व नाम India Beauty Institute) के सहयोग से आयोजित किया गया।
155 संवासिनियों और 18 बालिकाओं ने लिया लाभ
कार्यक्रम के दौरान नारी निकेतन में निवासरत 155 संवासिनियों तथा बालिका निकेतन की 18 बालिकाओं को Hair Grooming और Personal Care से संबंधित सेवाएं एवं प्रशिक्षण दिया गया।
IBI International की करीब 35 सदस्यीय छात्र एवं विशेषज्ञ टीम सुबह 10:30 बजे नारी निकेतन पहुंची। टीम द्वारा प्रतिभागियों को Hair Cutting, Hair Grooming और Eyebrow Grooming जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता और Personal Care से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी गई।
केवल सौंदर्य नहीं, आत्मसम्मान और आत्मविश्वास पर जोर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल महिलाओं और बालिकाओं को सौंदर्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं था। इसके माध्यम से उनमें स्वच्छता, आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में संवासिनियों और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
‘कानूनी सहायता से आगे, गरिमापूर्ण जीवन की ओर’
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सामाजिक, स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े अधिकारों के संरक्षण के लिए भी लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आयोजित यह कार्यक्रम ‘कानूनी सहायता से आगे, गरिमापूर्ण जीवन की ओर’ की भावना को सार्थक करता है।
IBI International की टीम ने किया स्वैच्छिक सहयोग
कार्यक्रम में IBI International के निदेशक कृष्णा रावत तथा प्रशिक्षक काजल रंसवाल, सूरज कटारिया और सानिया चौहान सहित पूरी टीम ने स्वैच्छिक रूप से सहयोग प्रदान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस मानवीय और सामाजिक पहल के लिए IBI International की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। प्राधिकरण ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं की सहभागिता से ही एक संवेदनशील, समावेशी और गरिमापूर्ण समाज का निर्माण संभव है।
हर महिला को सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीने का अधिकार
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि नारी निकेतन में निवासरत प्रत्येक महिला को सम्मान, अपनत्व और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि Grooming केवल बाहरी रूप-रंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और मानसिक प्रसन्नता से भी जुड़ा है। विशेष आवश्यकताओं वाली महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान और उनके जीवन में आत्मविश्वास लाने की दिशा में यह पहल छोटा लेकिन सार्थक प्रयास है।












