देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सेवा योजन कार्यालय परिसर में आयोजित इस मेले में प्रदेशभर से 40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने साक्षात्कार के बाद 23 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया, जबकि 16 अभ्यर्थियों का वर्क फ्रॉम होम यानी घर से काम करने वाले रोजगार के लिए चयन किया गया।
दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून ने अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से इस रोजगार मेले का आयोजन किया। इसमें विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल और कार्यक्षमता का आकलन कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार देने पर जोर
दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के उपनिदेशक डॉ. जैनेद्र कुमार ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने में मददगार साबित होते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्क फ्रॉम होम के लिए चयनित 16 अभ्यर्थियों को घर से काम करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें अपनी परिस्थितियों के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांग अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में चलने-फिरने में असमर्थता, श्रवण बाधित, कम दृष्टि तथा बौद्धिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को विशेष प्राथमिकता दी गई। मेले में एडुस्किल सॉल्यूशन, निवा बूपा इंश्योरेंस लिमिटेड सहित बीपीओ क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया।
कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए और उनकी योग्यता एवं कार्यकुशलता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी क्षमता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के पुनर्वास अधिकारी संतोष कुमार सिंह, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सोहनलाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।













