देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपदभर में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया गया। साथ ही राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।
तहसील विकासनगर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान और सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर दोनों विधायकों ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और अमर शहीदों ने जिस विकसित, समृद्ध और खुशहाल उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है। जनकल्याण से जुड़े फैसलों के माध्यम से प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी सहित राज्य आंदोलनकारी और उनके परिजन मौजूद रहे।
वहीं, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर तहसील कालसी, चकराता, ऋषिकेश और डोईवाला में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर उत्तराखंड राज्य निर्माण में उनके योगदान, संघर्ष और त्याग को याद किया गया।
राज्य स्थापना दिवस के इन आयोजनों के माध्यम से अमर शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने और प्रदेश के विकास में सामूहिक भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया गया।














