देहरादून: उत्तराखंड में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आमजन को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर परिवारों की जानकारी जुटाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण के तहत पहले स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके बाद निर्धारित अवधि में जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर गणना का कार्य करेंगे।
जिला जनगणना अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना की प्रक्रिया और स्व-गणना के संबंध में आमजन को जागरूक किया जाए। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना और जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराना है।
जनगणना-2027 की प्रमुख तारीखें
- 16 से 30 नवंबर 2026: स्व-गणना की प्रक्रिया।
- 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027: जनगणना कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर गणना।
जनगणना को लेकर प्रशासन ने आमजन से प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने और इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।













