पहली घटना पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, दौलतपुर गांव निवासी अनुज पुत्र शिवराम स्कूटर से धनौरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक मिनी ट्रक ने उसके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर धनौरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मिनी ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
दूसरा हादसा शनिवार सुबह रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि बिजनौर निवासी एक परिवार बाइक से अपने घर जा रहा था। बाइक पर महिला जावेदा (29), उनके पति मोहम्मद मुसाद और दो बच्चे सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जावेदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के लिए भी यह दृश्य बेहद पीड़ादायक था।
महिला की मौत से नाराज लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हाईवे से जाम खुलवाया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक, दोनों हादसों में मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और उनके चालकों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर जिले की सड़कों पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दो अलग-अलग परिवारों ने अपने करीबियों को खो दिया, वहीं सालियर हादसे में मां की मौत के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।













