जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया और फिर कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। इसी दौरान धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी ने नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात नहीं सुनी और उन्हें मेले के मंच से अपनी बात रखने का अवसर भी नहीं दिया।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर विधायक और उनके समर्थक मंच पर पहुंच गए। वहां नारेबाजी हुई और देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया। पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस दौरान मंच पर तोड़फोड़ की गई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने जौलजीबी कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और विधायक हरीश सिंह धामी सहित उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी गई थी।
पुलिस ने इन छह लोगों को किया नामजद
जौलजीबी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए विधायक हरीश सिंह धामी के अलावा राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू सहित अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जौलजीबी मेले जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन में सामने आया यह विवाद अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।













