पिथौरागढ़: उत्तराखंड के आदि कैलाश से युवाओं को नशे से दूर रहने और फिटनेस अपनाने का संदेश देशभर में पहुंचाने की पहल की गई है। सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी ने आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ का संकल्प आगे बढ़ाने की बात कही। इस आयोजन में 23 राज्यों के करीब 1,100 धावकों ने प्रतिभाग किया। इन धावकों को नशामुक्ति अभियान के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में जोड़कर देशभर के युवाओं को जागरूक करने की योजना है।
ललित जोशी ने कहा कि आदि कैलाश से शुरू हुआ ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ का संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल, फिटनेस और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
माइनस 7 डिग्री तापमान में 70 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़
आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 का आयोजन करीब 4,500 मीटर की ऊंचाई पर माइनस 7 डिग्री सेल्सियस तापमान में किया गया। इस बार अल्ट्रा मैराथन की दूरी 60 किलोमीटर से बढ़ाकर 70 किलोमीटर कर दी गई। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आयोजित यह दौड़ छियालेख से होते हुए गुंजी तक पहुंची।
उत्तराखंड के पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने मैराथन और अल्ट्रा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन में विभिन्न राज्यों से पहुंचे धावकों ने हिस्सा लेकर नशामुक्त भारत और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
देशभर के युवाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य
ललित जोशी ने कहा कि सजग इंडिया का उद्देश्य नशामुक्ति के संदेश को देश के प्रत्येक राज्य और युवा वर्ग तक पहुंचाना है। इसके लिए धावकों को अभियान से जोड़कर उन्हें जागरूकता का माध्यम बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा नशे से दूरी बनाकर फिटनेस और खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, एसडीएम धारचूला आशीष जोशी, ओहो रेडियो के संस्थापक आरजे काव्य, आईटीबीपी कमांडेंट सुभाष चंद्र यादव सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।













