पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित संविधान एवं विधि दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके तहत अभियोजन विभाग के साथ पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए कानूनों की जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा। आम लोगों को भी इन कानूनों के प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की दूसरी घोषणा अभियोजन विभाग के कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने से जुड़ी रही। इसके लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त धनराशि दी जाएगी। वहीं तीसरी घोषणा के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा, जिससे विभागीय कामकाज को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करते हुए संविधान के मूल्यों और उसके महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड अभियोजन पत्रिका और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है। अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे साक्ष्यों का कानूनी परीक्षण करें और तथ्यों को निष्पक्षता के साथ न्यायालय के सामने रखें। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मजबूत और तथ्यपरक पक्ष प्रस्तुत करना उनकी अहम जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद अभियोजन अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
सीएम धामी ने कानून का शासन सुनिश्चित करने और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून का पालन बिना किसी भेदभाव के होना चाहिए और उसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।














