देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मच्छी बाजार में युवती की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब चंद्रबनी चौक के पास एक युवती पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके सिर पर 8 से 9 टांके लगाए गए हैं।
कॉफी पीने गई युवती पर हमला
जानकारी के अनुसार, सैय्यद मोहल्ला चकराता रोड निवासी पीयूष जोशी ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी चचेरी बहन गुरुवार रात करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में कॉफी पीने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु से किसी बात को लेकर बहस हो गई।
बहस के बाद चापड़ से सिर पर वार
आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद तीनों युवकों ने युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की और फिर चापड़ से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवती को उसके साथी तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर 8 से 9 टांके लगाए।
तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कैफे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी कब्जे में ले ली है। आरोपियों के घरों पर दबिश दी गई, लेकिन फिलहाल तीनों फरार बताए जा रहे हैं।
आशीष कुमार, चौकी इंचार्ज आईएसबीटी ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हाल ही में हो चुकी है युवती की हत्या
गौरतलब है कि 2 फरवरी को नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में दिनदहाड़े 23 वर्षीय युवती गुंजन की चापड़ से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपी आकाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।













