Dehradun School Holiday: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और National Disaster Alert Portal द्वारा जारी ताज़ा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी Red Alert को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान ने आदेश जारी करते हुए 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल रहेंगे बंद
जारी आदेश के अनुसार जनपद देहरादून के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालय 20 जुलाई को बंद रहेंगे। इसके अलावा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी को दिए गए निर्देश
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। तेज बारिश, जलभराव, भूस्खलन और आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतना आवश्यक है।












