नई दिल्ली: राजधानी Delhi के Palam इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें तीन मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। वहीं इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
सुबह 7 बजे लगी आग, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, पालम गांव थाना पुलिस को सुबह करीब 7:04 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। मौके पर पहुंचते ही चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल था और इमारत से घना धुआं निकल रहा था।
5 मंजिला इमारत में फंसा परिवार
जिस इमारत में आग लगी वह पांच मंजिला बिल्डिंग थी। ग्राउंड और पहली मंजिल पर कपड़े और कॉस्मेटिक का शोरूम था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर शोरूम मालिक का परिवार रहता था।
आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में परिवार के 9 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में प्रवेश (33), कमल (39), आशु (35), लाडो (70), हिमांशी (22), दीपिका (28) और तीन नाबालिग बच्चियां शामिल हैं, जिनकी उम्र 15 साल, 6 साल और 3 साल बताई गई है।
सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ इतने लोगों की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जान बचाने के लिए लगाई छलांग
आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी। इस दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
3 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
इस हादसे में अनिल (32) और एक दो साल की बच्ची का इलाज चल रहा है। वहीं सचिन (29) करीब 25 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनका इलाज Safdarjung Hospital में जारी है।
30 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
आग बुझाने के लिए करीब 30 दमकल गाड़ियों और 11 एंबुलेंस को मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा पुलिस, बीएसईएस, एयरफोर्स पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।
कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
रेस्क्यू ऑपरेशन में आई मुश्किलें
संकरी गलियों और घने धुएं के कारण दमकल कर्मियों को राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीमों ने अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। कई लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया।
इस भीषण अग्निकांड ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया और पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।













