हरिद्वार। जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जगजीतपुर स्थित कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में सिडकुल हरिद्वार की कई प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें Mahindra & Mahindra, Kirby Building Systems, Ginni Filaments तथा Prince Pipes and Fittings Ltd सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं।
कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा उपस्थित युवाओं के साक्षात्कार लिए गए और उनकी शैक्षणिक योग्यता तथा अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
रोजगार मेले में करीब 120 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से साक्षात्कार के बाद 61 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इन चयनित युवाओं को आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित कंपनियों द्वारा आमंत्रित किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि ऐसे रोजगार मेलों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी युवाओं के हित में इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन जारी रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें।














