मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी के रूप में हुई है। पुलिस को बीती रात 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना में सतीश की हत्या किए जाने और आरोपी के मौके से फरार होने का आरोप लगाया गया था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सतीश अपने परिचित सरजीत निवासी आईटीएम लंढौर के साथ पिकअप वाहन में कहीं से आ रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे। शाम के दौरान दोनों सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुंचे, जहां किसी तीसरे व्यक्ति से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों वाहन से उतरकर पैदल पिकअप के पीछे की ओर चले गए। कुछ देर बाद दोनों वापस लौटे।
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में सामने आया कि इसके बाद सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और फिर कुछ समय बाद वापस लौटा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सतीश को कथित तौर पर तेज रफ्तार पिकअप का किनारा लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में दोस्त पर हत्या का आरोप लगाए जाने और पुलिस की शुरुआती जांच में वाहन की टक्कर से मौत की आशंका सामने आने के बाद घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस साथ मौजूद सरजीत की भूमिका, तीसरे व्यक्ति से हुई कहासुनी और घटनास्थल की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सरजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई थी। कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। मामला हत्या है या दुर्घटना, इस संबंध में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ जगदीश पंत ने भी मामले की सभी पहलुओं से जांच किए जाने की बात कही है।














