Uttarakhand weather Forecast: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बीते रोज हुई पहली बर्फबारी के बाद प्रदेश में ठंड का असर तेज होने लगा है। पर्वतीय जिलों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, वहीं मैदानी इलाकों में भी सुबह के समय हल्के कोहरे और ठंडी हवाओं से सर्दी का अहसास बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सात से 12 नवंबर तक उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह और देर शाम हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को सर्दी का एहसास कराएंगी।
पर्वतीय इलाकों में शीतलहर, बर्फबारी से गिरी पारा
बुधवार रात हुई बर्फबारी के बाद चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों ने अंगीठियों और हीटरों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा, ठंड बढ़ी
देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऊधमसिंहनगर जैसे मैदानी जिलों में सुबह हल्का कोहरा छा रहा है, जिससे दृश्यता थोड़ी कम हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी सुबह के समय हल्का कोहरा बने रहने की संभावना है।
दिन में खिली धूप से मिली राहत
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, दिन के समय तेज धूप निकलने से तापमान सामान्य बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक दिन का अधिकतम और रात का न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा।
पर्वतीय जिलों में और गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान एक से दो डिग्री तक गिर सकता है। वहीं, सुबह और शाम के समय तेज ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।
लोगों को दी गई सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने ठंड से बचाव के लिए बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।













