देहरादून: मध्य-पूर्व एशिया में जारी संघर्ष के चलते प्राकृतिक गैस शिपमेंट में संभावित व्यवधान को देखते हुए गैस की आपूर्ति, वितरण और उपलब्धता बनाए रखने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर शुक्रवार (13 मार्च 2026) को जिला प्रशासन और जिला पूर्ति कार्यालय की संयुक्त टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों, होटल-रेस्टोरेंट और ढाबों पर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत लागू “प्राकृतिक गैस आपूर्ति विनियम आदेश-2026” के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। छापेमारी के दौरान टीमों ने गैस एजेंसियों और प्रतिष्ठानों में एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की उपलब्धता की जांच की तथा जमाखोरी, कालाबाजारी या अवैध उपयोग की शिकायतों की पड़ताल की।
जिला प्रशासन की टीमों ने जनपद देहरादून में कुल 10 गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। साथ ही होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की जांच की गई। इस दौरान 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिन्हें अग्रिम कार्रवाई तक नजदीकी गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध रिफिलिंग पकड़ी गई
ऋषिकेश क्षेत्र में 3 गैस एजेंसियों में छापेमारी की गई। खदरी श्यामपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक वाहन में 37 गैस सिलेंडर पाए गए, जिनमें अवैध रूप से रिफिलिंग की जा रही थी। मौके पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम अमन चौहान पुत्र इन्द्रजीत निवासी पिलखना, फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) बताया। जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर लोडर से कूदकर फरार हो गया। पूछताछ में फरार व्यक्ति का नाम मुकेश कुमार चौहान निवासी कासगंज (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी चोपड़ा फार्म गली नंबर-1, श्यामपुर, ऋषिकेश बताया गया। दोनों के खिलाफ थाना ऋषिकेश में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
सहसपुर क्षेत्र में भी जांच
सहसपुर क्षेत्र में 5 गैस एजेंसियों में छापेमारी की गई। इसके अलावा पौंधा क्षेत्र में स्थित 6 निजी पीजी (पेयिंग गेस्ट) आवासों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गार्जन गर्ल्स हॉस्टल में एक घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पाया गया, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
प्रशासन ने हॉस्टल संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में न करें।
प्रशासन ने दी चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की जमाखोरी, कालाबाजारी या घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में भी जनपद में नियमित निरीक्षण और छापेमारी अभियान जारी रहेगा, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।











Discussion about this post