हनुमान जी को छोड़ रामायण के सभी प्रमुख पात्र निभाएंगी महिलाएं, 4 नवंबर तक चलेगा मंचन
देहरादून। राजधानी देहरादून के नकरौंदा में इस बार महिला कलाकारों की रामलीला खास आकर्षण बनने जा रही है। आदर्श दुर्गा महिला रामलीला समिति की ओर से 25 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक निकट गुड़खारा, नकरौंदा में भगवान श्रीराम की रामलीला का भव्य मंचन किया जाएगा। आयोजन की सबसे खास बात यह है कि हनुमान जी के पात्र को छोड़कर रामायण के सभी प्रमुख पात्रों की भूमिका महिलाएं निभाएंगी। हनुमान जी का किरदार पुरुष कलाकार निभाएंगे।
समिति के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण करने के साथ महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। महिला कलाकार भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण सहित रामायण के विभिन्न पात्रों को मंच पर जीवंत करेंगी।
रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, त्याग, कर्तव्य और धर्म का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने पर भी जोर रहेगा।
समिति की महिला संरक्षक श्रीमती सुलोचना इष्टवाल ने कहा कि महिलाओं द्वारा रामलीला का मंचन समाज में सकारात्मक संदेश देगा। यह आयोजन साबित करेगा कि महिलाएं अपनी प्रतिभा, लगन और सामूहिक प्रयासों से हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल धार्मिक आस्था के साथ महिलाओं की रचनात्मक क्षमता और सांस्कृतिक भागीदारी को भी नई पहचान देगी।
आदर्श दुर्गा महिला रामलीला समिति में श्रीमती सुलोचना इष्टवाल महिला संरक्षक, श्रीमती संगीता नेगी महिला अध्यक्ष, श्री राकेश राणा पुरुष अध्यक्ष, श्री हीरा बल्लभ जोशी सचिव और श्री सत्य प्रकाश गौड़ कोषाध्यक्ष हैं।
समिति ने पत्रकारों, छायाकारों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों और डिजिटल मीडिया से जुड़े लोगों से आयोजन में पहुंचकर महिला कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। समिति का कहना है कि इस सांस्कृतिक पहल को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
देहरादून में आयोजित होने वाली यह महिला रामलीला धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और महिला सशक्तीकरण का संगम बनेगी। अब सभी की नजरें 25 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस विशेष आयोजन पर टिकी हैं।













