देहरादून: उत्तरकाशी के दुर्गम केदारताल क्षेत्र में लापता ट्रेकिंग दल की तलाश के दौरान चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें तीन शवों को हेलीकॉप्टर की मदद से मातली हेलीपैड लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चौथा शव भी मिल गया है, जिसे निकालने का काम किया जा रहा है। वहीं, दल के अन्य लापता सदस्यों की तलाश अभी जारी है।
रेस्क्यू अभियान की जानकारी देते हुए आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि केदारताल क्षेत्र में SDRF, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें मिलकर तलाशी अभियान चला रही हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीमें लगातार लापता लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
13 लोगों का दल मौसम की मार में फंसा
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 लोग गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुए थे। अभियान के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के चलते रास्ता बंद हो गया, जिसके कारण दल तय समय पर वापस नहीं लौट पाया। इसके बाद लापता सदस्यों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
तीन शवों को हेलीकॉप्टर से लाया गया
तलाशी अभियान के दौरान मिले तीन शवों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। इसके बाद तीनों शवों को उत्तरकाशी जिला अस्पताल में रखा गया। चौथे शव को भी बरामद कर लिया गया है, जिसे निकालने की प्रक्रिया चल रही है।
दुर्गम पहाड़ और बर्फबारी बनी चुनौती
SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं। केदारताल क्षेत्र में भारी बर्फबारी, खराब मौसम और बेहद कठिन रास्तों के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसके बावजूद विभिन्न एजेंसियों की टीमें आपसी तालमेल के साथ शेष लापता लोगों की तलाश कर रही हैं।














