देहरादून। राजधानी देहरादून में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में 15 वर्षीय किशोर पर बच्ची को मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाने के बाद उसके साथ गलत काम करने का आरोप है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर संरक्षण गृह भेज दिया है। वहीं, पीड़ित बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खेल-खेल में बच्ची को साथ ले गया किशोर
पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार देर शाम की है। लेबर कॉलोनी में रहने वाली छह वर्षीय बच्ची को कथित तौर पर 15 वर्षीय किशोर खेल-खेल में अपने साथ ले गया। आरोप है कि किशोर ने पहले बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर लोगों ने किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
दोनों परिवार बिहार के रहने वाले
बताया गया है कि पीड़ित बच्ची और आरोपी किशोर के परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। दोनों परिवार देहरादून में मजदूरी करते हैं और उनके घर आसपास ही स्थित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बच्ची का उपचार जारी है।
मुकदमा दर्ज, किशोर को संरक्षण गृह भेजा
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपी 15 वर्षीय विधि विवादित किशोर को हिरासत में लेकर संरक्षण गृह भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














