मामला 15 जुलाई 2025 का है। उस दिन एएनटीएफ की टीम ने पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बेड़पुर स्थित शाहजी पीर तिराहे के पास कार्रवाई करते हुए साबिर हुसैन नाम के आरोपी को 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में साबिर ने पुलिस को बताया कि गांजे की खेप गाजियाबाद निवासी अमजद सिद्दीकी से लाई गई थी। इस खेप को कलियर में एक महिला तक पहुंचाया जाना था।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान महिला और साबिर के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया, लेकिन गांजे की सप्लाई से जुड़ा तीसरा आरोपी अमजद सिद्दीकी पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में गाजियाबाद स्थित उसके संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह हर बार ठिकाना बदलकर बच निकलता था। लगातार फरार रहने के चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी।
आखिरकार ऑपरेशन प्रहार और नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। मैनुअल पुलिसिंग के जरिए जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी स्थित थाना अंकुर विहार क्षेत्र की वेद बिहार कॉलोनी में दबिश दी और अमजद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया।
पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद में एनडीपीएस एक्ट, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के नशा तस्करी नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।













