खाद्यान्न की गुणवत्ता और साफ-सफाई की होगी जांच, हर वार्ड में तैनात किए गए सेक्टर अधिकारी और खाद्य विभाग के अधिकारी
देहरादून। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों में संचालित उचित दर (राशन) की दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। उनके साथ संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अथवा पूर्ति निरीक्षक भी जिम्मेदारी संभालेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी तैनात अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित वार्डों में राशन की दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान दुकानों में साफ-सफाई, खाद्यान्न की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप राशन वितरण की स्थिति की बारीकी से जांच की जाएगी।
प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध हो और राशन की दुकानों में निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान प्रत्येक जरूरी पहलू पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
एक सप्ताह में सौंपनी होगी जांच रिपोर्ट
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण की विस्तृत आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर राशन की दुकानों में व्यवस्थाओं की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य उचित दर दुकानों की व्यवस्थाओं में सुधार लाना, खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस पहल से राशन वितरण व्यवस्था की निगरानी मजबूत करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।












