देहरादून: उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के स्वयंसेवकों को साल के पूरे 365 दिन रोजगार देने की मांग पर सकारात्मक पहल हुई है। स्वयंसेवकों को सालभर रोजगार उपलब्ध कराने से संबंधित प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में रखने पर शासन स्तर पर सहमति बनी है। इस आश्वासन के बाद पीआरडी स्वयंसेवकों में उम्मीद और उत्साह का माहौल है, हालांकि हड़ताल समाप्त करने को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
29 नवंबर 2026 को खेल एवं युवा कल्याण सचिव की अध्यक्षता में पीआरडी हित संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वयंसेवकों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सालभर रोजगार देने की मांग पर विचार करते हुए प्रस्ताव जल्द मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किए जाने पर सहमति बनी।
बैठक में मिले आश्वासन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। पीआरडी स्वयंसेवकों को 365 दिन रोजगार देने का प्रस्ताव कैबिनेट में पहुंचने की उम्मीद से लंबे समय से रोजगार की मांग कर रहे स्वयंसेवकों को राहत मिलने की आस जगी है।
बैठक का कार्यवृत्त उप सचिव रईस अहमद की ओर से जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, युवा कल्याण मंत्री, मुख्य सचिव, गृह विभाग, युवा कल्याण निदेशक तथा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष समेत संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।
यदि कैबिनेट में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो पीआरडी स्वयंसेवकों को सालभर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाएगा। वहीं, स्वयंसेवकों की हड़ताल अभी जारी है और इसे समाप्त करने को लेकर फिलहाल कोई बड़ा निर्णय सामने नहीं आया है। ऐसे में अब प्रस्ताव के कैबिनेट में आने और आगे होने वाले फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।














