देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने विभिन्न विभागों में होने वाली 11 भर्ती परीक्षाओं का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी संभावित समय-सारिणी के अनुसार, परीक्षाओं का सिलसिला नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह से शुरू होकर जुलाई 2027 तक चलेगा।
इस परीक्षा कैलेंडर में कार्मिक विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, उच्च न्यायालय नैनीताल, शहरी विकास विभाग, पशुपालन विभाग, लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों की भर्ती परीक्षाओं को शामिल किया गया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी पढ़ाई और परीक्षा की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सबसे पहले 29 नवंबर 2026 को उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा विभाग की राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 के अंतर्गत कला विषय की मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार) होगी।
दिसंबर महीने में ही 27 दिसंबर 2026 को कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जनवरी 2027 में भी दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। 6 जनवरी को उच्च न्यायालय नैनीताल के अधिष्ठान अनुभाग में वैयक्तिक सहायक-2025 के पदों के लिए वस्तुनिष्ठ एवं लिखित परीक्षा आयोजित होगी। वहीं, 30 जनवरी को माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 के अंतर्गत गृह विज्ञान विषय की मुख्य परीक्षा होगी।
फरवरी और मार्च के बाद अप्रैल से भर्ती परीक्षाओं का सिलसिला फिर तेज होगा। 25 अप्रैल 2027 को शहरी विकास विभाग के अंतर्गत कर एवं राजस्व निरीक्षक के पदों के लिए लिखित एवं वस्तुनिष्ठ परीक्षा आयोजित की जाएगी।
मई महीने में भी कई बड़ी भर्ती परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। 1 और 2 मई 2027 को पशुपालन विभाग के पशु चिकित्साधिकारी पदों के लिए लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद 8 मई से 14 मई तक ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल और ऊर्जा समेत विभिन्न विभागों में सहायक अभियंता (सिविल, यांत्रिक, विद्युत, कृषि और आईटी) पदों की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।
30 मई 2027 को उत्तराखंड सचिवालय और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के लिए समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है। इसके बाद 6 जून 2027 को सचिवालय प्रशासन के अंतर्गत समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी।
जून के अंतिम सप्ताह से जुलाई की शुरुआत तक कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। आयोग के कैलेंडर के मुताबिक, 26 जून से 1 जुलाई 2027 तक लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, कृषि और ऊर्जा समेत विभिन्न विभागों के लिए कनिष्ठ अभियंता (मुख्य परीक्षा) आयोजित होगी।
अभ्यर्थी ध्यान दें, संभावित हैं परीक्षा की तारीखें
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडे के हस्ताक्षर से जारी परीक्षा कैलेंडर में स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षा तिथियां संभावित हैं। परिस्थितियों के अनुसार इनमें बदलाव किया जा सकता है। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी और किसी भी बदलाव के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।














