नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने चंपावत जिले के टनकपुर में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में अहम फैसला सुनाते हुए निचली अदालत द्वारा सुनाई गई 20 साल की सजा को निरस्त कर दिया है। अदालत ने आरोपी को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। यह मामला अगस्त 2021 का है, जिसमें सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले में चंपावत के सत्र न्यायाधीश ने 4 फरवरी 2025 को आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(l) के तहत दोषी करार दिया था। अदालत ने उसे 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इस फैसले को आरोपी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
अपील पर सुनवाई न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने की। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों और जांच की प्रक्रिया का परीक्षण किया। अदालत ने पाया कि उपलब्ध साक्ष्य आरोपी के खिलाफ आरोप को संदेह से परे साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
दरअसल, अगस्त 2021 में टनकपुर रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बने टिन शेड के नीचे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि के निर्देश पर 26 अगस्त 2021 को टनकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पीड़िता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके थे। पुलिस ने गवाहों के बयानों और वायरल वीडियो को आधार बनाकर जांच पूरी की। इसके बाद सत्र न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए सजा सुनाई थी।
हालांकि, हाईकोर्ट ने अपील पर सुनवाई के दौरान साक्ष्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि एफएसएल और मेडिकल रिपोर्ट आरोपी को अपराध से जोड़ने में सक्षम नहीं हैं। वहीं, घटना के करीब एक साल बाद गवाहों की ओर से अदालत में की गई पहचान को भी विश्वसनीय नहीं माना जा सकता।
कोर्ट ने यह भी गौर किया कि वायरल वीडियो में संबंधित व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था और पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी की पहचान के लिए शिनाख्त परेड भी नहीं कराई थी।
हाईकोर्ट ने निचली अदालत की कार्यवाही पर भी सवाल उठाए। अदालत के मुताबिक, सत्र न्यायाधीश ने वायरल वीडियो को खुली अदालत में चलाने के बजाय अपने चैंबर में देखा और उसके आधार पर आरोपी की पहचान की। हाईकोर्ट ने इस तरीके को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों और कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप नहीं माना।
इन सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने निचली अदालत का दोषसिद्धि और सजा का फैसला रद्द कर दिया तथा आरोपी को संदेह का लाभ देते हुए बरी करने का आदेश दिया।














