सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान की स्मृति में आपदा प्रबंधन दिवस पर व्यापक अभ्यास, आशारोड़ी में सड़क हादसे के मॉक ड्रिल में 8 घायलों का रेस्क्यू किया गया।
देहरादून: आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम देने और विभागों की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार, 28 नवंबर को देहरादून जनपद में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर जिले के 33 अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता अभियान, सुरक्षा ऑडिट और मॉक अभ्यास किए गए। इस दौरान प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने की तैयारियों, विभागों के आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया।
वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस ऐतिहासिक रेस्क्यू अभियान की स्मृति में हर साल 28 नवंबर को प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में देहरादून में भी विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों को लेकर मॉक अभ्यास आयोजित किए गए।
जनपद में कोरोनेशन अस्पताल, सीएनजी स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, आशारोड़ी मोहब्बेवाला, खनकाड़ी गांव कालसी, वन विभाग डिवीजन थानों, क्रॉसरोड मॉल, जीआईसी सेलाकुई, रोपवे गनहिल, भारत भूमि टूरिज्म कॉम्प्लेक्स, वन विभाग रेंज मसूरी, दून अस्पताल, एसडीएच प्रेमनगर, एसडीएच ऋषिकेश, एमडीडीए कॉलोनी आईएसबीटी, जीआईसी लाखामंडल, जीआईसी संभावाला, जीआईसी नालापानी, जीआईसी माजरी ग्रांट, वन विभाग रेंज लक्ष्मीवाला, कालसी एवं चकराता, सिविल डिफेंस डील रायपुर, कॉपरी सेंटर एवं बन्नू स्कूल, यूपीसीएल आराघर एवं लालतप्पड़, जल संस्थान खुड़बुड़ा मोहल्ला, डाकपत्थर पावर हाउस, छिबरो पावर हाउस और वीरभद्र बैराज ऋषिकेश सहित कुल 33 स्थानों पर मॉक अभ्यास किए गए।
अभ्यास के दौरान खराब मौसम, भगदड़, बादल फटना, अचानक बाढ़, भीड़ नियंत्रण, सुरंग दुर्घटना, तीर्थयात्रियों के फंसने, चिकित्सा आपातकाल, आग लगने, भूस्खलन, भूकंप और रोपवे में पर्यटकों के फंसने जैसी परिस्थितियों को लेकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सभी स्थलों पर संचालित अभ्यास की लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई, जिससे गतिविधियों की निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
वन क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज अंतर्गत तिलवाड़ी बीट के कक्ष संख्या-08 में वनाग्नि नियंत्रण मॉक ड्रिल आयोजित की गई। आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। आग तेजी से फैलने की स्थिति में अतिरिक्त टीम तैनात की गई। अभ्यास के दौरान एक वनकर्मी के घायल होने की सूचना पर मेडिकल टीम को भी मौके पर भेजा गया। संयुक्त प्रयासों से आग पर नियंत्रण पाने का अभ्यास किया गया।
इसी तरह भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी की लांघा रेंज अंतर्गत तौली बीट के दक्षिणी ब्लॉक कक्ष संख्या-03 में भी वनाग्नि नियंत्रण को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित हुई। आग लगने की सूचना पर वनकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीमों को मौके पर भेजा। आग के फैलने की स्थिति में अतिरिक्त टीम तैनात की गई और घायल वनकर्मी के उपचार के लिए मेडिकल टीम को रवाना किया गया। इस अभ्यास में लांघा, चौहड़पुर और टिमली रेंज के वनकर्मियों के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे।
आशारोड़ी चेकपोस्ट के निकट सड़क दुर्घटना को लेकर आयोजित मॉक अभ्यास में राहत एवं बचाव टीमों ने समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की। दुर्घटना की स्थिति में कुल आठ घायलों को रेस्क्यू किया गया। इनमें दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए श्री महंत इंद्रेश अस्पताल भेजा गया, जबकि छह सामान्य घायलों को मेडिकल एड पोस्ट पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
अभ्यास के दौरान दुर्घटनास्थल पर डीजल रिसाव के कारण आग लगने की संभावित आशंका से निपटने की कार्रवाई भी की गई। इसके बाद क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराने का अभ्यास किया गया।
मॉक अभ्यास समाप्त होने के बाद सभी रेस्क्यू टीमों की डी-ब्रीफिंग की गई। इस दौरान अभ्यास के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए कमियों और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही आपदा की स्थिति में त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई के लिए टीमों को प्रोत्साहित किया गया।














