देहरादून: दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए देहरादून जिले में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर 21 से 26 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न स्थानों पर इन शिविरों का आयोजन होगा। शिविरों में दिव्यांगता प्रमाणपत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, दिव्यांग पेंशन के लिए आय प्रमाणपत्र और सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण एवं परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। इसके साथ ही प्रधानमंत्री दिव्याशा योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
चार स्थानों पर आयोजित होंगे शिविर
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि शिविरों के आयोजन के लिए निर्धारित कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत 21 अक्टूबर को विकासखंड रायपुर के गांधी शताब्दी अस्पताल में शिविर लगाया जाएगा। 22 अक्टूबर को विकासखंड डोईवाला परिसर में शिविर आयोजित होगा। 23 अक्टूबर को विकासखंड सहसपुर के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज मेहूंवाला, शिमला बाईपास के पास शिविर लगाया जाएगा। वहीं, 26 अक्टूबर को रिंग रोड, शिमला बाईपास रोड स्थित रिस्पना रिजॉर्ट के समीप, सीमाद्वार क्षेत्र, देहरादून में शिविर आयोजित किया जाएगा।
स्वास्थ्य जांच से लेकर पेंशन आवेदन तक मिलेगी सुविधा
शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम दिव्यांगजनों की चिकित्सकीय जांच करेगी और दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेगी। आधार कार्ड बनवाने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांग पेंशन सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों को आवेदन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रधानमंत्री दिव्याशा योजना और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के माध्यम से सहायक उपकरणों के लिए दिव्यांगजनों का परीक्षण, पंजीकरण और आवेदन संबंधी प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इससे पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मोबाइल नंबर अपडेट और बैंक खाते खुलवाने में भी मिलेगी मदद
शिविरों में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की टीम भी मौजूद रहेगी। टीम आधार कार्ड के माध्यम से मोबाइल नंबर अपडेट कराने और नए खाते खुलवाने में सहयोग करेगी। बाल विकास विभाग दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को शिविरों की जानकारी देने के साथ आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
वहीं, ग्राम्य विकास विभाग की ओर से शिविरों में आने वाले दिव्यांगजनों और उनके परिजनों के लिए भोजन, पेयजल, बैठने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। स्वीप देहरादून की टीम दिव्यांगजनों को निर्वाचन संबंधी जानकारी देने के साथ मतदान के दौरान उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करेगी।
दिव्यांगजनों के लिए वाहन और भोजन की व्यवस्था
प्रशासन की ओर से शिविरों तक पहुंचने में दिव्यांगजनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विकासखंडों के अधिकारियों के माध्यम से वाहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शिविरों में पहुंचने वाले दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को निःशुल्क भोजन, जलपान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रशासन इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करेगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ उठा सकें। शिविरों से संबंधित व्यवस्थाओं और अन्य खर्चों का भुगतान वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना के अंतर्गत पेंशन शिविर मद से किए जाने का प्रस्ताव है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, सुलभ और सुविधाजनक तरीके से मिल सके।














