देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का थर्ड पार्टी निरीक्षण (TPI) कराकर वित्तीय समापन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने और ‘हर घर जल’ प्रमाणन में तेजी लाने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के द्वितीय चरण की लंबित परियोजनाओं के शेष कार्यों में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन पेयजल योजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उनका थर्ड पार्टी निरीक्षण शीघ्र कराया जाए। इसके साथ ही संबंधित गांवों में ‘हर घर जल’ प्रमाणन की प्रक्रिया भी समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत संचालित परियोजनाओं की प्रगति सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं से संबंधित आवश्यक केंद्रीय धनराशि समय पर प्राप्त हो सके। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी ने बताया कि देहरादून जनपद में कुल 1,29,491 ग्रामीण परिवारों में से 1,29,449 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। मिशन के प्रथम चरण की सभी 333 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं।
वहीं, जल जीवन मिशन के द्वितीय चरण में कुल 760 योजनाएं स्वीकृत/संचालित हैं, जिनमें से 737 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 23 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इनमें तीन योजनाएं वन भूमि से संबंधित स्वीकृतियां लंबित होने के कारण प्रभावित हैं।
अधिकारियों के अनुसार, देहरादून जनपद के कुल 635 गांवों में से 586 गांवों को ‘हर घर जल’ प्रमाणन प्राप्त हो चुका है। शेष 49 गांवों में प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की जानी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना जल जीवन मिशन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष योजनाओं को पूरा करने में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियंता जल निगम आर.के. जैन, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान (ग्रामीण) नमित रमोला, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता राजेन्द्र लाल, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार निर्वाल, एसीएफ अभिषेक मैठाणी, एडीपीआरओ संजय बड़ोनी सहित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के नामित सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












