रुड़की में एक नशा मुक्ति केंद्र के भीतर मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से हड़कंप मच गया। मृतक का शव केंद्र के शौचालय में मिला, जबकि उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी 37 वर्षीय आशीष पिछले करीब तीन महीनों से सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती था। मंगलवार रात केंद्र संचालक को शौचालय में आशीष का शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मृतक के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार ने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज पर हत्या का शक जताया है। वहीं पुलिस केंद्र संचालक समेत वहां मौजूद अन्य मरीजों से पूछताछ कर रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।











