देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) एवं राजस्व उपनिरीक्षक (लेखपाल) भर्ती परीक्षा से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण प्रेस नोट जारी किया है। आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा के बाद अब शारीरिक मानक (PST) एवं दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन 6 अगस्त 2026 से प्रस्तावित है।
416 पदों पर चल रही है भर्ती प्रक्रिया
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 70/उ०अ०से०च०आ०/2025 दिनांक 09 अप्रैल 2025 के तहत विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय कुल 416 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इन पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा 14 जून 2026 को आयोजित की गई थी।
लिखित परीक्षा के बाद जारी होगी मेरिट सूची
आयोग ने बताया कि पटवारी और लेखपाल पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की पात्रता तथा लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर चार गुना अभ्यर्थियों की अस्थायी (प्रोविजनल) श्रेष्ठता सूची तैयार की जाएगी। साथ ही लिखित परीक्षा की संशोधित उत्तर कुंजी (Revised Answer Key) भी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गई है।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट https://sssc.uk.gov.in पर जाकर संशोधित उत्तर कुंजी देख सकते हैं।
6 अगस्त 2026 से होगी PST/PET
प्रेस नोट के अनुसार राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) एवं राजस्व उपनिरीक्षक (लेखपाल) पदों के लिए शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा 6 अगस्त 2026 से प्रस्तावित है। परीक्षा से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, स्थान और अन्य दिशा-निर्देश आयोग द्वारा जल्द ही अलग से वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
आयोग ने अभ्यर्थियों से की यह अपील
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से समय-समय पर UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की अपील की है, ताकि परीक्षा से संबंधित नवीनतम सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।










