देहरादून: उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 में मंगलवार का दिन चौकों-छक्कों और रोमांच से भरा रहा। बारिश और समय की कमी के चलते मुकाबलों को 10-10 ओवर का किया गया, लेकिन छोटे फॉर्मेट में भी बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। दिन के मुकाबलों में यूएसएन इंडियंस, देहरादून वॉरियर्स और नैनीताल टाइगर्स ने शानदार जीत दर्ज की।
हरिद्वार एल्मास के खिलाफ यूएसएन इंडियंस ने 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरिद्वार की टीम ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 92 रन बनाए। हिमांशु सोनी ने 31 गेंदों में 54 रन की नाबाद विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। कप्तान युवराज चौधरी ने 16 रन बनाए। यूएसएन इंडियंस की ओर से रोहित सिंह डंगवाल और राहुल डी. नाह ने 2-2 विकेट हासिल किए।
93 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसएन इंडियंस ने तेज शुरुआत की। पीयूष जोशी ने 26 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। हर्ष राणा ने 16 गेंदों में 29 रन की आक्रामक पारी खेली। यूएसएन इंडियंस ने 10 ओवर में 4 विकेट खोकर 93 रन बनाते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की। हरिद्वार की ओर से प्रियंक सिंह ने 2 विकेट लिए।
इसके बाद देहरादून वॉरियर्स और पिथौरागढ़ हरिकेन्स के बीच मुकाबले में जमकर रन बरसे। पहले बल्लेबाजी करते हुए देहरादून वॉरियर्स ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 136 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान कुणाल चंदेला ने 18 गेंदों में 34 रन और संस्कार रावत ने 17 गेंदों में 36 रन बनाए।
देहरादून की पारी का सबसे बड़ा आकर्षण आयुष चौहान की तूफानी बल्लेबाजी रही। उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में 6 छक्के और 1 चौका लगाते हुए नाबाद 43 रन ठोक दिए। इसके जवाब में पिथौरागढ़ हरिकेन्स 10 ओवर में 5 विकेट पर 95 रन ही बना सकी। समर्थ सेमवाल ने 23, आंजनेय सूर्यवंशी ने 20 और यश शुक्ला ने 18 रन बनाए। देहरादून के लिए सुमित जुयाल ने 2 विकेट लिए, जबकि देवेंद्र बोरा, अभिषेक सिंह और निशू पटेल को 1-1 सफलता मिली।
दिन के अंतिम मुकाबले में नैनीताल टाइगर्स और ऋषिकेश रिवर किंग्स आमने-सामने रहे। नैनीताल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 5 विकेट पर 121 रन बनाए। शशांक पंत ने महज 26 गेंदों में नाबाद 65 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। प्रियांशु पंवार ने 20 और रोहित डानू ने 16 रन का योगदान दिया।
122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषिकेश रिवर किंग्स ने मुकाबले को आखिरी ओवरों तक रोमांचक बनाए रखा। अभ्युदय ने 22 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि मोहम्मद अहमद ने सिर्फ 15 गेंदों में 37 रन ठोककर मैच का रोमांच बढ़ा दिया। हालांकि नैनीताल के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और ऋषिकेश को 10 ओवर में 5 विकेट पर 112 रन तक ही रोक दिया।
नैनीताल के कप्तान टीएनआर मोहित और शशांक पंत ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। नैनीताल टाइगर्स ने यह मुकाबला 9 रन से अपने नाम किया।
UPL 2026 के इन मुकाबलों में छोटे फॉर्मेट के बावजूद बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी और गेंदबाजों के दबाव ने मुकाबलों को बेहद रोमांचक बना दिया। मंगलवार को यूएसएन इंडियंस, देहरादून वॉरियर्स और नैनीताल टाइगर्स ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।











